राजनगर में जन चौपाल: ग्रामीणों को केंद्र की योजनाओं से जोड़ा, मनरेगा के उन्नत स्वरूप पर विशेष चर्चा

बकावंड। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ग्रामीण भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत बस्तर जिले के बकावंड मंडल अंतर्गत राजनगर शक्ति केंद्र में जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी देकर आमजन को सीधे लाभ से जोड़ने पर जोर दिया गया।
यह आयोजन भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में चल रहे जनकल्याणकारी अभियानों के क्रम में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ सुनिश्चित करना रहा।

जन चौपाल में विशेष रूप से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के उन्नत स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि अब श्रमिकों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने, जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन और आपदा-निवारण जैसे कार्यों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ उठाने के तरीकों की जानकारी दी गई।
भाजपा मंडल अध्यक्ष बकावंड पीताम्बर कश्यप ने कहा कि जन चौपाल कार्यक्रम ग्रामीणों और सरकार के बीच सेतु का कार्य कर रहा है। केंद्र सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेकर अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

पूर्व मंडल एवं जनपद अध्यक्ष धनुर्जय कश्यप ने कहा कि मनरेगा के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़े हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। जनपद सदस्य अनिल कुमार बिसाईं ने जल संरक्षण, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं पर केंद्र सरकार के फोकस को ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव का कारक बताया।
कार्यक्रम में राजनगर शक्ति केंद्र प्रभारी बाला जी पटेल, प्रतिक सिंह वैश्य, बुधराम बिसाईं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं और मातृशक्ति उपस्थित रहे। जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों में योजनाओं को लेकर उत्साह देखा गया। कार्यक्रम का समापन गांव के समग्र विकास में सहभागिता और योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के आह्वान के साथ किया गया।




