
,,मछली पालन, सब्जी उत्पादन और पशुपालन से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय, हितग्राही परिवारों में दिखा उत्साह,,
जगदलपुर, 07 मार्च 2026।
बस्तर जिले के जनपद पंचायत लोहण्डीगुड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत करेकोट में ग्रामीणों की आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से व्यक्तिगत आजीविका डबरी निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। इस योजना के तहत ग्राम के पीलाराम सहित अन्य हितग्राहियों को स्थायी आय के साधन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इस डबरी के माध्यम से हितग्राही मछली पालन, साग-सब्जी उत्पादन, पशुपालन तथा अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की यह पहल मेहनतकश और सीमांत किसान परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ग्राम करेकोट के हितग्राही पीलाराम ने बताया कि डबरी निर्माण पूरा होने के बाद वे इसमें मछली पालन करेंगे। साथ ही डबरी के पानी का उपयोग कर साग-सब्जी की खेती भी करेंगे और डबरी के मेड़ पर केले एवं पपीते जैसे उद्यानिकी पौधे लगाएंगे, जिससे अतिरिक्त आय प्राप्त हो सकेगी।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ दीर्घकालीन आय का स्थायी साधन उपलब्ध कराना है। वर्तमान में कार्य स्थल पर डबरी निर्माण का कार्य तेजी से प्रगति पर है। निर्माण पूर्ण होने के बाद हितग्राहियों को जलस्रोत की सुविधा मिलेगी, जिससे वे वर्षभर कृषि एवं अन्य आजीविका गतिविधियाँ संचालित कर सकेंगे।
ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं हितग्राही परिवार भी अपने बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ इस कार्य में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
कुल मिलाकर आजीविका डबरी निर्माण योजना ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।




