छत्तीसगढ़

1 जून से शुरू होगी इंडियन आर्मी भर्ती परीक्षा, छत्तीसगढ़ के 5 शहरों में बनाए गए सेंटर

रायपुर, 23 मई 2026। भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। सेना भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। यह परीक्षा आगामी 1 जून से शुरू होकर 12 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो चरणों में संपन्न होगी, जिसमें पहला चरण 1 जून से 5 जून और दूसरा चरण 8 जून से 12 जून तक चलेगा।

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ के पांच प्रमुख शहरों रायपुर, भिलाई, दुर्ग, बिलासपुर और जगदलपुर में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन तीन से चार शिफ्टों में आयोजित की जाएगी ताकि सभी उम्मीदवारों को सुगमता से परीक्षा देने का अवसर मिल सके।

सेना भर्ती कार्यालय की ओर से एडमिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश पत्र पर दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और परीक्षा के दिन समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पहुंचें।

भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए सेना भर्ती कार्यालय ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। उम्मीदवार नया रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय के दूरभाष नंबर 0771-2965212 और +91-2965214 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होगी। किसी भी प्रकार की सिफारिश, दलाली या अनुचित साधनों का इसमें कोई स्थान नहीं है। चयन केवल अभ्यर्थियों की योग्यता और मेरिट के आधार पर किया जाएगा। साथ ही युवाओं से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह या फर्जी एजेंटों के झांसे में न आएं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar