छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बीजापुर में आजादी का जश्न: नक्सल प्रभावित इलाकों के 12 नए सुरक्षा कैम्पों में पहली बार फहराया तिरंगा, तिरंगा यात्रा में गूंजे भारत माता के जयकारे

बीजापुर, 15 अगस्त 2025 — 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिले के अंदरूनी और नक्सल प्रभावित इलाकों में स्थापित नए सुरक्षा कैम्पों एवं थानों में पहली बार ध्वजारोहण और तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। कोण्डापल्ली, वाटेवागु, जिडपल्ली-1, जिडपल्ली-2, काउरगट्टा, कोरचोली, पीड़िया, पुजारीकांकेर, गुंजेपर्ती, गोरना, भीमाराम और गुटुमपल्ली के ग्रामीण, स्कूली बच्चे, जनप्रतिनिधि और सुरक्षा बल के जवान इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

इन इलाकों में दशकों से नक्सल दहशत में जी रहे लोगों ने बेखौफ होकर सुरक्षा बलों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। बच्चों ने देशभक्ति के गीत गाए और वातावरण को देशप्रेम के रंग में रंग दिया।

जिले में 15 अगस्त 2024 के बाद से 12 नए सुरक्षा कैम्प स्थापित किए गए हैं, जिससे सड़क, बिजली, पानी, संचार, राशन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में तेजी से सुधार हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इन कैम्पों की स्थापना से विकास की गति तेज हुई है और जीवन स्तर में बड़ा बदलाव आया है।

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज और मिष्ठान वितरण के जरिए आजादी के इस पर्व की खुशियां साझा की गईं। बीजापुर में यह आयोजन न केवल राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का प्रतीक बना, बल्कि विकास और शांति की नई उम्मीद भी जगाई।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar