छत्तीसगढ़बकावंडबस्तर

बोरपदर में अधूरी नाली बनी हादसे का कारण, बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा

,,सीसी सड़क किनारे गहरी खुदाई छोड़ने से ग्रामीणों में आक्रोश, जल्द निर्माण की उठी मांग,,

,डमरू कश्यप,

बकावंड,31 मार्च 2026,बकावंड ब्लॉक के ग्राम पंचायत बोरपदर के वार्ड क्रमांक 06 में नाली निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सीसी सड़क के किनारे गहरी नाली खोदकर उसे अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और खासकर बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

बताया जा रहा है कि उक्त स्थल के पास ही आंगनबाड़ी केंद्र स्थित है, जहां छोटे-छोटे बच्चे रोजाना आते-जाते हैं और आसपास खेलते रहते हैं। ऐसे में खुले गड्ढे दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं।

ग्रामीण केशव ठाकुर ने बताया कि जेसीबी मशीन से नाली निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि यह कार्य किस योजना या मद के तहत किया जा रहा था। अधूरा कार्य छोड़ देने से नाली में पानी भर गया है, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई है।

वहीं अनिल कुमार ठाकुर ने बताया कि उनके घर के सामने तीन फीट से अधिक गहरी नाली खोदकर छोड़ दी गई है, जिससे उनके छोटे बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। बच्चे इसी रास्ते से आंगनबाड़ी जाते हैं और घर के बाहर खेलते रहते हैं।

दुलेन्द्री ठाकुर ने कहा कि नाली खुदाई के कारण रास्ता संकरा हो गया है, जिससे आवागमन में भी परेशानी हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

मामले में सरपंच रामसिंग कश्यप ने बताया कि महिलाओं की मांग पर नाली सफाई के लिए जेसीबी भेजा गया था। हालांकि, वार्ड पंच द्वारा इसे मनरेगा कार्य बताते हुए शिकायत कर दी गई, जबकि यह कार्य मनरेगा के तहत नहीं किया जा रहा था।

ग्रामीणों में सुलोचना, चमेली, चुन्नीलाल, रंभा, बबीता, तुलाराम, कमला, तुलेश्वरी, केशव, नीलेश्वरी, रवि सहित कई लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और ग्रामीणों को राहत मिलती है या नहीं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar