छत्तीसगढ़

धमतरी नगर निगम में हड़कंप: बिना ठोस वजह 19 प्लेसमेंट कर्मचारियों की छुट्टी, वर्षों की सेवा के बाद अचानक बाहर का रास्ता, भड़के कर्मचारी बोले- अधिकारी की मनमानी

धमतरी, 09 अप्रैल 2025

नगर निगम धमतरी में वर्षों से कार्यरत 19 प्लेसमेंट कर्मचारियों को अचानक काम से बाहर कर दिया गया है। निगम प्रशासन ने इनके खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की है। हटाए गए कर्मचारियों में सफाईकर्मी, ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर और राजस्व शाखा में कार्यरत कर्मचारी शामिल हैं। इनमें से कुछ कर्मचारी 15 साल से तो कुछ 10 वर्षों से सेवा दे रहे थे।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कर्मचारियों में भारी रोष देखा गया। जल विभाग से 2, स्वास्थ्य विभाग से 5, स्वच्छता कमांडो 5, अंडर 30 प्लेसमेंट से 5 और भवन अनुज्ञा शाखा से 2 कर्मचारियों को हटाया गया है। अचानक नौकरी से निकाले जाने पर इन कर्मचारियों की रोज़ी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित कर्मचारियों ने निगम अधिकारियों से मुलाकात कर पुनः काम में रखने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हुई। प्लेसमेंट कर्मचारी संगठन के जिला अध्यक्ष ने भी आरोप लगाया है कि कर्मचारियों को हटाने का कोई स्पष्ट और ठोस कारण नहीं बताया गया।

इस पूरे मामले में महापौर को भी कर्मचारियों को हटाए जाने की जानकारी नहीं थी। हटाए गए कर्मचारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अधिकारियों की मनमानी का नतीजा है। यदि उन्हें पुनः सेवा में नहीं लिया गया, तो वे निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे।

इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, और आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar