IG रतन लाल डांगी सस्पेंड: आचरण उल्लंघन और पद के दुरुपयोग के आरोप, सरकार ने लिया बड़ा एक्शन

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय में पदस्थ पुलिस महानिरीक्षक रतन लाल डांगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके खिलाफ सामने आए गंभीर आचरण उल्लंघन और पद के दुरुपयोग के आरोपों के चलते की गई है।
सरकारी आदेश के अनुसार, डांगी पर आरोप है कि उन्होंने अपने वरिष्ठ पद की गरिमा के अनुरूप व्यवहार नहीं किया और अशोभनीय तथा नैतिकता के विपरीत आचरण प्रदर्शित किया। साथ ही, उन्होंने अपने पद के प्रभाव का दुरुपयोग किया और स्थापित सामाजिक-सांस्कृतिक मानकों का उल्लंघन किया। यह मामला इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया में व्यापक रूप से प्रसारित हुआ, जिससे पुलिस विभाग की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ा।
प्रथम दृष्टया जांच में आरोप सही प्रतीत होने पर राज्य शासन ने उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1969 के तहत उन्हें निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा और बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
यह आदेश राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है, जिसे गृह (पुलिस) विभाग के अवर सचिव डी.एस. ध्रुवे द्वारा हस्ताक्षरित किया गया है।




