छत्तीसगढ़जगदलपुर

रियासतकालीन जोड़ा होलिका दहन 2 मार्च को: श्रीजगन्नाथ मंदिर से निकलेगी भगवान श्रीकृष्ण की भव्य डोली, सदियों पुरानी परंपरा का होगा निर्वहन

जगदलपुर। शहर के हृदय स्थल सीरासार चौक स्थित मावली मंदिर के सामने रियासतकालीन जोड़ा होलिका दहन 02 मार्च को परंपरानुसार संपन्न होगा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजन भव्यता और श्रद्धा के साथ किया जाएगा।

समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने बताया कि श्री जगन्नाथ मंदिर से भगवान श्रीकृष्णजी की दो डोलियां भव्य शोभायात्रा के रूप में निकाली जाएंगी। यह शोभायात्रा रथ परिक्रमा मार्ग से होते हुए मावली मंदिर के समक्ष स्थित होलिका दहन स्थल तक पहुंचेगी। डोली आगमन के पश्चात विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की जाएगी और शुभ मुहूर्त में रियासतकालीन जोड़ा होलिका दहन संपन्न होगा।

सीरासार चौक स्थित मावली मंदिर के समक्ष माता मावली एवं भगवान जगन्नाथ स्वरूप श्रीकृष्ण के कल्कि अवतार को समर्पित जोड़ा होली (दो होली) का दहन किया जाता है। यह परंपरा शताब्दियों से अनवरत चली आ रही है, जिसका निर्वहन आज भी 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज पूरी श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करता आ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहेगी। होलिका पूजन के बाद प्रज्वलित जोड़ा होलिका में श्रद्धालु श्रीफल एवं पूजन सामग्री अर्पित कर परिक्रमा करेंगे और पुण्य-लाभ प्राप्त करेंगे।

समाज की ओर से समस्त नगरवासियों और श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक आयोजन में सहभागी होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar