बकावंड ब्लॉक के झारउमर गांव में दिल दहला देने वाली वारदात: 8 माह की गर्भवती महिला की कुल्हाड़ी से हत्या, इलाके में दहशत

बकावंड। बकावंड ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत झारउमर, थाना कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पुलमति नाम की 8 माह की गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी और भय का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका पुलमति की एक दो साल की छोटी बच्ची भी है। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला अपने घर में थी, तभी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। गर्भवती महिला की हत्या की खबर से गांव के लोग स्तब्ध हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां महिला के बिस्तर के पास से एक कुल्हाड़ी बरामद की गई है। आशंका जताई जा रही है कि इसी कुल्हाड़ी से वार कर हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। इस हृदय विदारक घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में डबल मर्डर की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रह सके।




