ग्राम पंचायत मधोता में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 80 से अधिक ग्रामीणों का हुआ निःशुल्क उपचार


जगदलपुर/बस्तर, 14 सितम्बर 2025।
बस्तर ब्लॉक के ग्राम पंचायत मधोता में बस्तर सेवक मंडल, जगदलपुर द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन एमपीएम हॉस्पिटल एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से किया गया।
शिविर में 80 से अधिक गर्भवती महिलाएं, कुपोषित बच्चे, बुजुर्ग महिला और पुरुषों का मुफ्त इलाज किया गया। इस दौरान आसपास के गांवों – भैंसगांव, बोदरा, खोटलापाल, रोतमा, मधोता-1 और मधोता-2 से ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में एमपीएम हॉस्पिटल से डॉ. दिनेश सिन्हा, डॉ. न्यांसी, डॉ. संध्या एवं उनकी टीम ने सेवाएं दीं। वहीं, बस्तर सेवक मंडल से फादर सेबी, महिला एवं बाल विकास विभाग से सेक्टर सुपरवाइजर बुदियारिन भारती, ग्राम पंचायत सरपंच कलावती नाग, ईश्वर मंडावी (मितानिन) तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलती है।
–




