जगदलपुर में हेल्थ एटीएम की शुरुआत: महारानी अस्पताल समेत 3 अस्पतालों में लगेगी मशीन, सांसद महेश कश्यप ने किया लोकार्पण

जगदलपुर। शहरवासियों को अब अस्पताल में ही कई जरूरी स्वास्थ्य जांच की त्वरित सुविधा मिलेगी। महारानी अस्पताल, जगदलपुर में अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम (Health ATM) मशीन का शुभारंभ सांसद महेश कश्यप ने किया। इस मशीन को आम लोगों की सेवा के लिए समर्पित किया गया है, जिससे कम समय में कई स्वास्थ्य जांच एक ही स्थान पर कराई जा सकेगी।



जानकारी के अनुसार न्यू इंडिया एश्योरेंश कंपनी की ओर से सीएसआर मद के तहत जिले के तीन अस्पतालों — महारानी अस्पताल, डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल और भानपुरी अस्पताल में हेल्थ एटीएम मशीन स्थापित की जा रही है। इस मशीन के जरिए लोगों को त्वरित और सटीक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी, जिससे समय रहते बीमारियों की पहचान कर इलाज संभव हो सकेगा।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि जनस्वास्थ्य की बेहतरी और लोगों को सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हेल्थ एटीएम मशीन के माध्यम से नागरिकों को कम समय में कई जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें काफी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में विधायक किरण सिंह देव ने भी इस पहल को जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक सुविधा से शहरवासियों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
इस दौरान महापौर संजय पांडेय, जिला पंचायत सदस्य सम्पति नाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद सहित अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




