बोड़नपाल 01 में कहानी कथन उत्सव का भव्य आयोजन, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा


,,संकुल स्तरीय आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कहानी लेखन और चित्रकला के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास,,

बस्तर। बस्तर विकास खंड के बोड़नपाल संकुल अंतर्गत बोड़नपाल 01 में संकुल स्तरीय कहानी कथन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और गरिमा से भर गया। इसके पश्चात बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें गीत, नृत्य और नाट्य रूपांतरण शामिल रहे।
कहानी कथन उत्सव के दौरान बच्चों ने समूहों में कहानियाँ सुनीं, स्वयं कहानियाँ लिखीं तथा उन पर आधारित चित्र बनाकर रंग भरे। इन गतिविधियों ने बच्चों की कल्पनाशीलता, भाषा कौशल और अभिव्यक्ति क्षमता को सशक्त बनाया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भाषा और ज्ञान के व्यापक संसार से जोड़ना रहा, जिससे उनकी शब्दावली, व्याकरण और समझने की क्षमता का विकास हो सके।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच रायमती मौर्य, उपसरपंच सुकलाल बघेल, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, प्रधानाध्यापक मोतीलाल श्वेता, संकुल समन्वयक देवेंद्र ठाकुर सहित शिवराम मौर्य, मालती पुरुषोत्तम पटेल एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत सुझाई गई बातों को भी साझा किया गया, जिसमें स्थानीय समुदाय के ज्ञान, लोक परंपराओं, संस्कृति, शिल्प, हस्तकला एवं जीवन कौशल को विद्यालयीन शिक्षा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
कहानी कथन उत्सव न केवल बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का माध्यम बना, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति और परिवेश से जोड़ने की एक सार्थक पहल भी सिद्ध हुआ। ऐसे आयोजनों से शिक्षा अधिक रोचक, व्यावहारिक और प्रभावशाली बनती है।




