छत्तीसगढ़

नक्सलवाद समाप्ति पर कवर्धा में भव्य हनुमंत भंडारा 2 अप्रैल को,उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया आमंत्रण, शांति और समृद्धि के नए युग का होगा स्वागत

,,उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया आमंत्रण, शांति और समृद्धि के नए युग का होगा स्वागत.

रायपुर, 01 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ में सशस्त्र नक्सलवाद के पूर्णतः समाप्त होने की ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में 2 अप्रैल को कवर्धा स्थित खेड़ापति हनुमान महाराज मंदिर में भव्य हनुमंत भंडारा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रदेश में स्थापित शांति, सुरक्षा और समृद्धि के नए युग के स्वागत तथा ईश्वर के प्रति आभार प्रकट करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि पिछले चार दशकों से अधिक समय तक नक्सलवाद ने छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर अंचल को गहराई से प्रभावित किया। इस दौरान हजारों लोगों की जान गई और विकास कार्य बाधित रहे, जिससे आम जनजीवन भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को विवश रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में नक्सलवाद के समापन की दिशा में यह उपलब्धि ऐतिहासिक मानी जा रही है। आज छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश में इस सफलता को लेकर खुशी का माहौल है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रयासों और विशेष रूप से गृह मंत्री के रूप में कवर्धा विधायक विजय शर्मा की सक्रिय भूमिका को इस उपलब्धि में अहम माना जा रहा है। साथ ही, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के साहस, वीरता और बलिदान को इस सफलता का प्रमुख आधार बताया गया है।

भंडारा कार्यक्रम का शुभारंभ 2 अप्रैल को प्रातः 11 बजे भगवान खेड़ापति हनुमान जी महाराज के पूजन-अर्चन के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर वीर जवानों के बलिदान का स्मरण करते हुए प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर हनुमान जी के श्रीचरणों में नमन करने और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

नक्सलवाद मुक्त छत्तीसगढ़ की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ प्रदेश अब विकास, शांति और समृद्धि की नई दिशा में अग्रसर हो चुका है—जहां भय नहीं, बल्कि विश्वास और खुशहाली का वातावरण स्थापित हो रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar