खेलछत्तीसगढ़बस्तरबस्तर संभाग

पार्षद ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, बस्तर की टीम बनी विजेता

,,कुम्हड़ाकोट में फाइनल मुकाबले में कोलचूर को हराकर बस्तर ने उठाई पार्षद ट्रॉफी, मुख्य अतिथि शकुंतला कश्यप रहीं मौजूद,,


बस्तर। नगर पंचायत बस्तर अंतर्गत कुम्हड़ाकोट में आयोजित पार्षद ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को बस्तर और कोलचूर की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बस्तर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर पार्षद ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलचूर की टीम नौ ओवर में मात्र 40 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इसके जवाब में बस्तर की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 7 ओवर में जीत हासिल कर ली और विजेता बनी।
क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जिला पंचायत सदस्य एवं मुख्य अतिथि श्रीमती शकुंतला कश्यप की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर अतिथियों के हाथों विजेता टीम बस्तर को ₹30,000 नगद राशि एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम कोलचूर को ₹16,000 नगद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत एक स्वाभाविक प्रक्रिया है और यही खेल की खूबसूरती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना होती है। हारने वाली टीम को अपनी गलतियों से सीख लेकर अगली बार बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि परिणाम से ज्यादा जरूरी खेल का आनंद लेना और मैदान में भागीदारी है, क्योंकि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष समीर मिश्रा, पार्षद असावती बघेल, मंगलराम बघेल, वीरसिंह मौर्य, बंशी कश्यप, राधे यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
आयोजकों द्वारा सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया, वहीं युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और ऊर्जा देखते ही बन रही थी। पार्षद ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट ने क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar