“कुरंदी (डोंगरीगुड़ा पारा) में ग्राम सभा का विधिवत गठन,राधा कश्यप सर्वसम्मति से बनीं ग्राम सभा की सभापति”



“राधा कश्यप सर्वसम्मति से बनीं ग्राम सभा की सभापति”

जगदलपुर/कुरंदी। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज (पंजीयन क्रमांक 4230) के तत्वावधान में ग्राम पंचायत कुरंदी के डोंगरीगुड़ा पारा में ग्राम सभा का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर सर्वसम्मति से राधा कश्यप को ग्राम सभा की सभापति नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से राजा राम तोड़ेम (प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष),रमेश गोयल (युवा प्रभाग अध्यक्ष) बलिराम पुजारी (युवा प्रभाग उपाध्यक्ष) सहित युवा प्रभाग के पदाधिकारी,समाज प्रमुख एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजा राम तोड़ेम ने कहा कि “ग्राम सभा आदिवासी समाज की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्ति है। पेसा कानून के तहत ग्राम सभा को जो अधिकार प्राप्त हैं, उनका सही उपयोग कर हम जल, जंगल और जमीन की रक्षा कर सकते हैं। जब ग्राम सभा मजबूत होगी, तभी गांव का समुचित विकास संभव होगा।”
उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि वे ग्राम सभा की बैठकों में नियमित भाग लें और सामूहिक निर्णयों को सर्वोपरि रखें।
वक्ताओं ने ग्राम सभा के संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं शक्तियों के साथ-साथ पेसा कानून, समाज की रीति-नीति तथा संविधान में निहित आदिवासी अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
ग्राम सभा के दौरान ग्राम कुरंदी की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को ग्रामवासियों द्वारा सामने रखा गया, जिन पर उपस्थित समाज प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों ने गंभीर विचार-विमर्श किया। समस्याओं के समाधान हेतु ग्राम सभा को सशक्त बनाकर सामूहिक निर्णय लेने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम स्तर पर जागरूक, सशक्त एवं अधिकारसम्पन्न ग्राम सभा का निर्माण करना रहा, ताकि आदिवासी समाज अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करते हुए विकास की मुख्यधारा में मजबूती से आगे बढ़ सके। ग्रामवासियों ने इस पहल को समाजहित में एक ऐतिहासिक कदम बताया।




