बस्तर में बाढ़ का कहर: सांसद महेश कश्यप पहुंचे प्रभावित गांवों में, मांदर गांव टापू में तब्दील


बस्तर में बाढ़ का कहर: सांसद महेश कश्यप पहुंचे प्रभावित गांवों में, मांदर गांव टापू में तब्दील

जगदलपुर। लगातार भारी बारिश से बस्तर संभाग के लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। गीदम रोड और चित्रकोट रोड के पास बसे गांवों में नदियों और नालों का पानी घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चित्रकोट मार्ग पर छोटे-बड़े नाले उफान पर हैं, जिससे कई सड़कें और पुल-पुलिया जलमग्न हो गए हैं। आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप मंगलवार को प्रभावित इलाकों – इरिकपाल, नेगानार सहित आसपास के गांवों – में पहुंचे। उन्होंने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का जायजा लिया और रेस्क्यू टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल हुए। सांसद ने ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याओं और वस्तुस्थिति की जानकारी भी प्राप्त की।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष मंगतु कश्यप का गृहग्राम मांदर पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही महेश कश्यप मौके पर पहुंचे और स्थिति का आकलन किया।
बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों को लेकर सांसद ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप से फोन पर चर्चा की। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि प्रभावित गांवों की लगातार निगरानी की जाए और जरूरतमंदों तक त्वरित राहत पहुंचाई जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों और ढांचों के पुनर्निर्माण की कार्यवाही तुरंत शुरू करने के भी निर्देश दिए।
सांसद महेश कश्यप ने आश्वस्त किया कि बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जाएगी और सरकार उनके साथ खड़ी है।




