दोहरी नागरिकता मामला: राहुल गांधी पर FIR का आदेश, जांच के निर्देश

Rahul Gandhi की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने दोहरी नागरिकता मामले में उनके खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है।
मामला उनकी कथित ब्रिटिश नागरिकता से जुड़ा है। याचिकाकर्ता एस. विग्नेश शिशिर ने पहले MP/MLA कोर्ट में केस दायर किया था, लेकिन 28 जनवरी 2026 को वह याचिका खारिज कर दी गई थी। इसके बाद 12 फरवरी को हाईकोर्ट में अपील की गई, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर सुनवाई की।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने रायबरेली के कोतवाली थाने में FIR दर्ज करने की मांग की। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए FIR दर्ज करने और जांच के आदेश दिए हैं।
क्या था निचली अदालत का फैसला?
लखनऊ की MP/MLA कोर्ट ने पहले इस याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि नागरिकता जैसे मामलों में फैसला देने का अधिकार इस कोर्ट के दायरे में नहीं आता। साथ ही, याचिकाकर्ता कोई ठोस और नया सबूत पेश नहीं कर पाया था।
अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।




