बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, CM Yogi Adityanath ने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फसलों को हो रहे नुकसान से अन्नदाताओं की चिंता बढ़ गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम की विपरीत परिस्थितियों में सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं फील्ड में उतरकर किसानों से संपर्क करें और फसलों के नुकसान का सही आकलन कराएं।
सीएम ने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त सर्वे करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित किसानों को समयबद्ध तरीके से मुआवजा दिलाया जाए। साथ ही जनहानि, पशुहानि और घायलों को भी तय समय सीमा में सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को निर्देश दिए गए कि वे फील्ड में कार्यरत अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखें, ताकि राहत कार्य तेजी से पूरे हो सकें।
लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच सरकार की प्राथमिकता किसानों को राहत पहुंचाना और नुकसान को न्यूनतम करना है।




