धान खरीदी में अनियमितता का आरोप, छोटे देवड़ा के किसानों ने SDM व तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन


बस्तर, 24 जनवरी 2026/जिले के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा के किसानों के हक़ और अधिकारों की रक्षा को लेकर गुरुवार को सरपंच सन्तोष कुमार कश्यप के नेतृत्व में किसानों ने SDM एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने धान टोकन काटने की प्रक्रिया पुनः शुरू करने एवं धान खरीदी की अवधि आगे बढ़ाने की मांग की, ताकि सभी पंजीकृत किसान अपना धान बेच सकें।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक दाना धान खरीदने का वादा किया गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति में किसानों का धान खरीदी से वंचित किया जा रहा है। धान खरीदी बंद होने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और अपने ही उपज को बेचने के लिए मजबूर व परेशान हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन द्वारा उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है तथा धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव दिखाई दे रहा है। समय पर टोकन नहीं कटने और खरीदी रोक दिए जाने से ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा के सैकड़ों किसान प्रभावित हो रहे हैं।
इस दौरान सरपंच सन्तोष कुमार कश्यप ने कहा कि यदि शीघ्र ही धान खरीदी पुनः प्रारंभ नहीं की गई तो किसान आंदोलन करने को विवश होंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दुर्जन पटेल, कमलूराम भारती, ऋषभ बघेल, गुड्डू बघेल, बदर, पासरू कोटवार सहित बड़ी संख्या में किसान भाई उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर धान खरीदी को लेकर उत्पन्न यह स्थिति किसानों के सामने गंभीर संकट बनती जा रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन किसानों की मांगों पर कब तक सकारात्मक निर्णय लेता है, या फिर छोटे देवड़ा के किसान अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।




