छत्तीसगढ़बीजापुर

दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मुठभेड़: 5 लाख का इनामी नक्सली राजेश पुनेम ढेर, SLR-इंसास समेत हथियार बरामद

बस्तर, 5 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। दंतेवाड़ा जिला और बीजापुर जिला के बॉर्डर पर पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली मार गिराया गया।

मारे गए नक्सली की पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के एसीएम राजेश पुनेम के रूप में हुई है। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

ऐसे हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक 3 मार्च को थाना गीदम क्षेत्र के ग्राम गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा हथियार और सामग्री डंप किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी राहुल कुमार उइके के नेतृत्व में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम सर्चिंग के लिए रवाना हुई।

दोपहर करीब 12:30 बजे जवान संदिग्ध इलाके में सर्चिंग और घेराबंदी कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच पहले से घात लगाए बैठे 8-10 सशस्त्र माओवादियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

हथियार और सामग्री बरामद

मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में एक पुरुष माओवादी का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान राजेश पुनेम के रूप में की गई। मौके से एक SLR रायफल, इंसास रायफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी, मैगजीन और बड़ी मात्रा में जिंदा व खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि इलाके में सर्चिंग अभियान अभी भी जारी है और फरार नक्सलियों की तलाश की जा रही है।

बस्तर संभाग में लगातार चल रहे एंटी-नक्सल ऑपरेशन के बीच इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar