केरल में चुनावी माहौल गरम: Shashi Tharoor के काफिले पर हमला, गनमैन से मारपीट, 3 हिरासत में

केरल के मलप्पुरम जिले में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद Shashi Tharoor के काफिले पर हमला होने से सियासी माहौल गरमा गया है। घटना वंडूर इलाके में उस समय हुई, जब वे यूडीएफ उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार करने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि तिरुवल्ली चेल्लीथोडु ब्रिज के पास अचानक दो गाड़ियों में सवार करीब 8 लोगों ने थरूर के काफिले को बीच सड़क पर रोक लिया। हमलावरों ने गाड़ी के शीशों पर जोर-जोर से प्रहार किया और आगे बढ़ने से रोक दिया।
स्थिति बिगड़ती देख जब गनमैन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस घटना से मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों को भी जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
हमले के बाद Shashi Tharoor ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके गनमैन की हालत अब ठीक है। उन्होंने समर्थकों का आभार जताते हुए बताया कि घटना के बावजूद उन्होंने अपने तय कार्यक्रम पूरे किए।
गौरतलब है कि केरल विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। इस बार राज्य में मुख्य मुकाबला एलडीएफ, यूडीएफ और एनडीए के बीच माना जा रहा है।




