छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार में 42 हजार नक्शों का बंटांकन, अब ‘गांव-शहर चलो अभियान’ से जनता तक पहुंचेगा प्रशासन

मुंगेली, 13 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जिले में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान प्रशासन ने जनसमस्याओं के समाधान के लिए व्यापक अभियान चलाया। 1 मई से 10 जून तक चले इस अभियान में जिलेभर में 24 समाधान शिविर लगाए गए, जहां हजारों नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

कलेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि शिविरों में सबसे अधिक शिकायतें पेयजल और बिजली व्यवस्था से जुड़ी प्राप्त हुईं। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि जटिल प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

42 हजार नक्शों का बंटांकन बना सबसे बड़ी उपलब्धि

सुशासन तिहार के दौरान राजस्व विभाग ने एक माह में करीब 42 हजार नक्शा बंटांकन का कार्य पूरा किया। प्रशासन के अनुसार यह कार्य पिछले एक वर्ष से लंबित था, जिससे कई राजस्व प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही थीं।

कलेक्टर ने बताया कि जून माह के अंत तक जिले में 100 प्रतिशत नक्शा बंटांकन पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस उपलब्धि से भूमि खरीदी-बिक्री, सीमांकन, नामांतरण और अन्य राजस्व कार्यों में तेजी आएगी तथा हजारों किसानों और भूमि स्वामियों को लाभ मिलेगा।

मानसून और नए शिक्षा सत्र की तैयारी

आगामी मानसून सीजन को देखते हुए सभी विभागों को सक्रिय मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा पेयजल विभाग को जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं शिक्षा विभाग को जर्जर और मरम्मत योग्य स्कूल भवनों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

‘गांव-शहर चलो अभियान’ होगा अगला कदम

सुशासन तिहार के समापन के बाद जिला प्रशासन अब ‘गांव-शहर चलो अभियान’ शुरू करने जा रहा है। अगले 15 दिनों तक विभिन्न विभागों के अधिकारी गांवों और शहरी क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे।

कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

दूरस्थ गांवों तक पहुंचे अधिकारी

अभियान के तहत पशुपालन, कृषि, खाद्य और सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र के गांवों में पशुपालकों को टीकाकरण और पशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

कृषि विभाग ने खाद वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया, जबकि खाद्य विभाग ने दूरस्थ गांवों की उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का मूल्यांकन किया। प्रशासन का दावा है कि यह अभियान ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करेगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar