छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

रामनवमी पर धाकड़ समाज की भव्य कलश यात्रा: हजारों महिलाओं की सहभागिता, एकता का दिया संदेश

बस्तर, 28 मार्च 2026। रामनवमी के पावन अवसर पर जिला बस्तर के बिरिंगपाल पंडरीपानी में धाकड़ समाज द्वारा भव्य कलश यात्रा और शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में जिले के 18 क्षेत्रों से हजारों की संख्या में समाज के सदस्य शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर सजे कलश के साथ यात्रा में भाग लिया, वहीं युवाओं ने बाइक रैली निकालकर पूरे वातावरण को राममय बना दिया।

शोभायात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “जय श्री राम” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भगवा ध्वज और पगड़ी से सजा माहौल आकर्षण का केंद्र रहा। डीजे और बाजे की धुन पर निकली इस यात्रा में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

पिछले तीन वर्षों से लोहंडीगुड़ा में आयोजित हो रहा यह त्रिवर्षीय रामनवमी संकल्प कार्यक्रम इस वर्ष बिरिंगपाल पंडरीपानी में आयोजित किया गया। निर्माणाधीन समाज भवन से विधिवत पूजन के बाद कलश यात्रा शिवालय के लिए रवाना हुई। महिलाओं ने स्वयं कलश की व्यवस्था कर समाज में एकजुटता का परिचय दिया।

यात्रा के दौरान जगह-जगह पेयजल और प्रसाद (खीर) की व्यवस्था की गई थी। कड़ी धूप और उपवास के बावजूद महिलाओं का उत्साह देखने लायक रहा। मंदिर पहुंचने पर कलश यात्रियों का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया और भगवान रूद्र का जलाभिषेक लगभग दो घंटे तक चलता रहा।

कार्यक्रम के समापन पर समाज भवन में खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने सभी क्षेत्रीय प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।

एकता का संदेश और सामाजिक जागरूकता पर जोर
कार्यक्रम में बाबा कुमार जयदेव ने समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए कहा कि धाकड़ समाज को अपने अस्तित्व और अधिकारों के लिए संगठित होना आवश्यक है। उन्होंने नारी शक्ति की भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक रीति-नीति के पालन पर बल दिया।

वहीं समाज अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाना जरूरी है।

कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आयोजन में समाज अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष बद्रीनाथ ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, महिला सदस्य और समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar