छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

बस्तर के विकास को मिली रफ्तार: केदार कश्यप ने 56 लाख के कार्यों का किया भूमिपूजन, पुल-पुलिया और सामुदायिक भवन की सौगात

जगदलपुर। बस्तर के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के बस्तर विकासखंड में 56 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। मुरकुची और पखना कोंगेरा में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान उन्होंने 10 निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी।

मंत्री कश्यप ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की समस्याओं को जड़ से खत्म करना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि पुल-पुलिया जैसे निर्माण कार्य गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने का माध्यम हैं और बरसात में होने वाली दिक्कतों से राहत देंगे। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। नए निर्माण कार्यों से आवागमन सुगम होगा और किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी मिलेगी।

तारागांव में सामुदायिक भवन के निर्माण का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि इससे ग्रामीणों को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने ग्रामीणों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील भी की।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar