छत्तीसगढ़बिलासपुर संभाग

11 साल की मोदी सरकार पर बोले डिप्टी सीएम अरुण साव – देश को मिला सुरक्षा कवच, डिजिटल शक्ति, आत्मनिर्भर भारत का विजन और गरीबों को गरिमा का जीवन

11 साल की मोदी सरकार पर बोले डिप्टी सीएम अरुण साव – देश को मिला सुरक्षा कवच, डिजिटल शक्ति, आत्मनिर्भर भारत का विजन और गरीबों को गरिमा का जीवन

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर में प्रेस वार्ता कर मोदी सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बीते 11 सालों में भारत ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के साथ आत्मनिर्भरता और तकनीकी क्रांति की एक नई इबारत लिखी है।

अरुण साव ने कहा कि मोदी सरकार के हर फैसले के केंद्र में जनकल्याण और राष्ट्रहित रहा है। चाहे बात सीमा की सुरक्षा की हो या महिला सशक्तिकरण की, डिजिटल ट्रांजैक्शन हो या किसानों की आय, मोदी सरकार ने हर क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर और अग्रणी बनाने का काम किया है।

🔹 सर्जिकल स्ट्राइक से गगनयान तक का सफर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब केवल शांति की बात नहीं करता, बल्कि जरूरत पड़ी तो घर में घुसकर आतंक का सफाया करता है। ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया, ब्रह्मोस, तेजस, आकाश मिसाइल जैसे स्वदेशी हथियार आज भारत की सैन्य ताकत को परिभाषित कर रहे हैं। भारत का रक्षा निर्यात अब 34 गुना बढ़कर 23,622 करोड़ तक पहुंच गया है।

🔹 अर्थव्यवस्था और तकनीकी क्रांति में ऐतिहासिक छलांग

साव ने बताया कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। वैश्विक डिजिटल ट्रांजैक्शन का 49% अकेले भारत में होता है। JAM ट्रिनिटी (जनधन, आधार, मोबाइल) और DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) से 44 लाख करोड़ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे हैं। इससे बिचौलियों और भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है।

🔹 महिला और किसानों को मिली असली ताकत

मोदी सरकार ने महिलाओं को गरिमा और सशक्तिकरण दिया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आवास योजना, शौचालय निर्माण और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने महिलाओं का जीवन बदला है। किसानों को भी 3.7 लाख करोड़ की सम्मान निधि और 1.75 लाख करोड़ का फसल बीमा मिला है। कृषि बजट 5 गुना बढ़ाया गया है।

🔹 इंफ्रास्ट्रक्चर में नई रफ्तार

उन्होंने बताया कि भारत में अब हर दिन 34 किमी हाईवे बन रहे हैं, रेल बजट 9 गुना बढ़ाया गया है, 136 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, 103 अमृत भारत स्टेशन बन चुके हैं। देश के 99% गांव सड़क से जुड़ चुके हैं। जलमार्ग, समुद्री पुल, एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क को अभूतपूर्व विस्तार मिला है।

🔹 शिक्षा, स्टार्टअप और हेल्थ में बड़ा बदलाव

नई शिक्षा नीति 2020 से लेकर 23 AIIMS, 8 IIM, 7 IIT और 490 यूनिवर्सिटीज़ खोली गई हैं। स्टार्टअप इंडिया योजना के तहत 1.6 लाख स्टार्टअप से 17.6 लाख नौकरियां मिली हैं। टियर-2 और टियर-3 शहरों में 51% स्टार्टअप हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 40.71 करोड़ कार्ड जारी हुए, जिनसे 9 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज मिला है।

🔹 विरासत को भी दिया गया सम्मान

राम मंदिर निर्माण, काशी कॉरिडोर, महाकाल लोक, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नेताजी सुभाष की मूर्ति और पंचतीर्थ के जरिए मोदी सरकार ने “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र को चरितार्थ किया है। अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ा गया।

🔹 मोदी युग बना भारत के इतिहास का स्वर्णिम काल

अरुण साव ने कहा कि मोदी सरकार का यह कार्यकाल भारत के लिए नींव डालने वाला युग है। यह कहना गलत नहीं होगा कि “मोदी है तो मुमकिन है” अब सिर्फ नारा नहीं, बल्कि देश की सोच बन गया है। आज भारतवासी नकारात्मकता नहीं, आत्मविश्वास से भरे हुए हैं—“यह होगा और जरूर होगा।”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, भूपेंद्र सवन्नी, महापौर पूजा विधानी, भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल, दीपक सिंह, रामदेव कुमावत, गुलशन ऋषि और भाजपा मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar