उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा पहुंचे जगदलपुर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दशहरा दौरे की तैयारियों का किया जायजा


जगदलपुर, 1 अक्टूबर 2025: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा आज जगदलपुर पहुंचे। विमानतल पर सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन और अन्य भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।
उप मुख्यमंत्री शर्मा यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दशहरा के तहत आयोजित मुरिया दरबार में भाग लेने के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने आए हैं। श्री शर्मा ने बताया कि अमित शाह 3 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे और 4 अक्टूबर की सुबह जगदलपुर में रहेंगे। वे दंतेश्वरी मैया के दर्शन के बाद मुरिया दरबार में शामिल होंगे।
विजय शर्मा ने बताया कि मुरिया दरबार में बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप के नेतृत्व में बस्तर के गायता, पुजारी, सिरहा, पटेल और प्रधान अमित शाह से मुलाकात करेंगे और क्षेत्रीय मांगें उनके समक्ष रखेंगे।
इस दौरे के दौरान राज्य और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी व्यवस्था और सुरक्षा का निरीक्षण करेंगे।




