उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जगदलपुर के लालबाग मैदान में किया ध्वजारोहण, बस्तर में गरिमामय ढंग से मना 77वां गणतंत्र दिवस



,बस्तर में गरिमामय ढंग से मना 77वां गणतंत्र दिवस,,


जगदलपुर, 26 जनवरी 2026/
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बस्तर जिले में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिला मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा परेड की सलामी स्वीकार की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री साव ने उपस्थित नागरिकों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के पश्चात हर्ष और उल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया।
समारोह में जिला पुलिस बल, केंद्रीय अर्धसैनिक बल, नगर सेना, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड्स सहित कुल 14 टुकड़ियों द्वारा आकर्षक और अनुशासित परेड का प्रदर्शन किया गया, जिसे दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से झलकी। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्रेष्ठ परेड एवं झांकी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी, सीसीएफ आलोक तिवारी एवं सुश्री स्टायलो मण्डावी, सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीशगण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समूचा कार्यक्रम देशभक्ति, एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना से ओत-प्रोत रहा। गणतंत्र दिवस का यह पर्व बस्तरवासियों के लिए प्रेरणा और गौरव का प्रतीक बनकर स्मरणीय रहा।




