भीषण गर्मी में ट्रैफिक सिग्नल बंद करने की मांग, कांग्रेस अध्यक्ष बोले- जनहित में मानसून तक मिले राहत

कोंडागांव, 25 मई 2026
नरेन्द्र देवांगन ने तेज गर्मी को देखते हुए प्रशासन से कोंडागांव शहर के ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से बंद रखने की मांग की है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से कहा कि कोंडागांव में इस वर्ष पहली बार तापमान 43-44 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए लोगों को सिग्नलों पर हरी बत्ती का इंतजार करते खड़ा रहना पड़ता है, जिससे गर्म हवाओं और तेज धूप में परेशानी और बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है, जिससे तापमान में और वृद्धि की संभावना है।
नरेन्द्र देवांगन ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए मानसून आने तक शहर के ट्रैफिक सिग्नलों को बंद रखा जाए। उन्होंने इसे जनहित में उठाया गया आवश्यक कदम बताया।




