छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

कलेक्टर आकाश छिकारा ने शहर के प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण

,,खेल मैदानों, लाइब्रेरी, बाजारों व जलस्रोतों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा,युवाओं से किया संवाद,,

जगदलपुर, 22 फरवरी 2026/ कलेक्टर आकाश छिकारा ने रविवार को जगदलपुर शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर की साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाएं, यातायात व्यवस्था तथा आम नागरिकों के लिए उपलब्ध सेवाओं की स्थिति का अवलोकन किया।

कलेक्टर छिकारा ने शहर के प्रमुख खेल स्थलों — हाता ग्राउंड, सिटी ग्राउंड, क्रीड़ा परिसर एवं इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल मैदानों में उपलब्ध सुविधाओं, रखरखाव एवं खिलाड़ियों के लिए अनुकूल वातावरण की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु बेहतर आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण क्रम में कलेक्टर श्री छिकारा लाला जगदलपुरी लाइब्रेरी पहुंचे, जहां उन्होंने अध्ययनरत युवाओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को एकाग्रता एवं निरंतरता के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित करते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इसके पश्चात कलेक्टर ने बस्तर दशहरा को समर्पित दशहरा पसरा स्थल का निरीक्षण किया, जहां प्रदर्शित फोटो, संरचनाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने दशहरा पसरा की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री छिकारा ने गोल बाजार, इतवारी बाजार सहित शहर के अन्य व्यस्त बाजार क्षेत्रों का भी दौरा किया। उन्होंने बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता, यातायात प्रबंधन एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश प्रवीण वर्मा, नगर निगम आयुक्त को दिए।

इसके अलावा कलेक्टर ने टाउन हॉल एवं नालंदा परिसर का भी अवलोकन किया, जहां नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर श्री छिकारा गंगा मुंडा तालाब पहुंचे। उन्होंने तालाब की सफाई, जलस्तर एवं संरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए नगर निगम को आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शहर के जलस्रोतों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।

कलेक्टर आकाश छिकारा के इस व्यापक निरीक्षण से शहर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली है। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों से खेल, शिक्षा, स्वच्छता, यातायात एवं जलस्रोत संरक्षण के क्षेत्र में सकारात्मक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar