छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, सीएम विष्णुदेव साय बोले- जनता का स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से चल रही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में शनिवार को एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि सरकार द्वारा उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक पहल की गई है। चार मांगों को पूरा कर दिया गया है, तीन पर समिति गठित कर कार्यवाही शुरू हो गई है, जबकि संविलयन, पब्लिक हेल्थ केडर और आरक्षण संबंधी मांगों पर भारत सरकार से निर्णय लिया जाना है। इस पर आभार जताते हुए संघ ने प्रदेशव्यापी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हड़ताल समाप्त करने के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि यह राज्यहित में लिया गया सराहनीय निर्णय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर कर्मचारी को अपने परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी जायज़ मांगों के प्रति हमेशा संवेदनशील रही है।

सीएम साय ने कहा- “जनता का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एनएचएम कर्मचारियों का यह निर्णय प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और मज़बूत करेगा तथा जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा।”

इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी हड़ताल समाप्त करने के निर्णय पर कर्मचारियों का आभार जताया और कहा कि राज्य का हर कर्मचारी परिवार का सदस्य है।

इस अवसर पर विधायक किरण देव, छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के डॉ. अमित मिरी, डॉ. रविशंकर दीक्षित, पूरन दास, कौशलेश तिवारी, हेमंत सिन्हा, दिनेश चंद्र, संतोष चंदेल, प्रफुल्ल पाल, डॉ. देवकांत चतुर्वेदी समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि एनएचएम कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर गए थे। अब संघ ने घोषणा की है कि रविवार से प्रदेशभर में सभी कर्मचारी वापस काम पर लौटेंगे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar