कवर्धा में ‘छल्ला’ गैंग का भंडाफोड़: नाबालिग समेत 6 गिरफ्तार, लूट की नगदी, औजार और बाइक बरामद

कवर्धा। जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में सक्रिय लुटेरा गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, लूट में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरोह ने अपने गैंग का नाम ‘छल्ला’ रखा हुआ था और सभी आरोपी कुकदुर क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
महीनों से दे रहे थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले कई महीनों से क्षेत्र में सक्रिय था। अंधेरे और सुनसान रास्तों पर राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों को रोककर उनसे लूटपाट की जाती थी। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जाती थी। कई मामलों में पीड़ितों के साथ मारपीट कर गंभीर चोटें भी पहुंचाई गईं।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बैगा बाहुल्य क्षेत्र में फैला रखा था खौफ
जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने बताया कि कुकदुर एक बैगा बाहुल्य क्षेत्र है, जहां इस गिरोह ने दहशत का माहौल बना रखा था। बाहरी लोगों और व्यापारियों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया जाता था। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।




