छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभागब्रेकिंग खबरें

CG BREAKING : बिजली के तार की चपेट में आए सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष बघेल, बर्न यूनिट में भर्ती – खतरे से बाहर, निगम परिवार खड़ा हुआ साथ

” सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष बघेल, बर्न यूनिट में भर्ती – खतरे से बाहर, निगम परिवार खड़ा हुआ साथ”

जगदलपुर, 11 जून 2025।
नगर पालिका निगम जगदलपुर में कार्यरत सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष बघेल मंगलवार को एक गंभीर हादसे में झुलस गए। घटना विजय वार्ड स्थित कृष्ण मंदिर स्कूल के पीछे मापजोख कार्य के दौरान हुई, जब वह मकान की छत पर थे और ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गए। उन्हें तत्काल महारानी अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को अब खतरे से बाहर बताया है।

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा, निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा और राजस्व अधिकारी विनय श्रीवास्तव अस्पताल पहुंचे और संतोष बघेल का हालचाल जाना। डॉक्टरों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

संग्राम सिंह राणा ने कहा कि “निगम के कर्मचारी भारी बारिश के बावजूद भी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं। यह हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन निगम परिवार अपने साथी के साथ खड़ा है।”

उन्होंने विशेष रूप से सहायक राजस्व निरीक्षक लोकेश यादव की तत्परता की सराहना की, जिन्होंने बिना समय गंवाए संतोष बघेल को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया और तत्काल इलाज शुरू कराया।

बताया गया कि संतोष बघेल ने लगभग एक वर्ष पूर्व अनुकंपा नियुक्ति के तहत नगर निगम में अपनी सेवा शुरू की थी।

अस्पताल में निगम के कई अधिकारी व कर्मचारी जैसे तेजबहादुर नेगी, नागेंद्र रणदेवे, हृदयानंद मिश्रा आदि भी उपस्थित रहे और सहकर्मी का हौसला बढ़ाया।

नगर निगम की इस त्वरित मानवीय प्रतिक्रिया से कर्मचारी वर्ग में सकारात्मक संदेश गया है और सभी ने संतोष बघेल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar