छत्तीसगढ़बकावंडबस्तर संभाग

कोसमी में स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति का जश्न, सरपंच नीलम कश्यप ने पंचायत भवन और हाई स्कूल में किया ध्वजारोहण

बकावंड। विकासखंड जनपद पंचायत बकावंड ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसमी में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। पंचायत की युवा सरपंच नीलम कश्यप ने सुबह पंचायत भवन परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर ग्रामवासी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सरपंच का संदेश – आज़ादी जिम्मेदारी का दिवस

ध्वजारोहण के बाद ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए सरपंच नीलम कश्यप ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि यह हमें हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि यह आज़ादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली है, जिसे बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्राम में एकता, स्वच्छता, शिक्षा और विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने देशभक्ति गीत और कविताएं प्रस्तुत कीं। इसके बाद सरपंच नीलम कश्यप कोसमी हाई स्कूल पहुंचीं, जहां उन्होंने एक बार फिर ध्वजारोहण किया। स्कूल परिसर में बच्चों ने मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।

अपने संबोधन में सरपंच ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए कहा कि वे देश का भविष्य हैं और मेहनत, अनुशासन व ईमानदारी से ही जीवन में सफलता पा सकते हैं। उन्होंने छात्रों से गांव और देश के लिए सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।

देशभक्ति से सराबोर हुआ माहौल

हाई स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े प्रसंगों पर भाषण और नाटक प्रस्तुत किए, जिससे सभी में देशभक्ति की भावना जागृत हुई।

पंचायत भवन और स्कूल दोनों जगहों पर हुए ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने तिरंगे की शान और स्वतंत्रता दिवस के जोश को दोगुना कर दिया।

समापन में सरपंच नीलम कश्यप ने सभी का आभार जताते हुए ग्रामवासियों से आग्रह किया कि वे गांव की तरक्की में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar