कोरबा मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर से छेड़छाड़ का आरोप, सीनियर डॉक्टर पर मामला दर्ज — आंतरिक जांच समिति करेगी जांच

कोरबा, 7 अक्टूबर 2025 — कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर ने सीनियर आयुर्वेदिक डॉक्टर पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी डॉक्टर ने “तबीयत ठीक नहीं लग रही” कहकर मेडिकल जांच के बहाने उसके साथ जबरदस्ती की।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आयुष विंग में पदस्थ सीनियर आयुर्वेदिक डॉक्टर एके मिश्रा के खिलाफ धारा 354 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर की है जब ट्रेनी डॉक्टर किसी काम से डॉक्टर मिश्रा के स्टाफ रूम में गई थी। उस समय कमरे में डॉक्टर मिश्रा, ट्रेनी डॉक्टर और एक अन्य स्टाफ मौजूद था। इसी दौरान डॉक्टर मिश्रा ने ट्रेनी डॉक्टर से कहा कि वह ठीक नहीं लग रही है, “मैं चेकअप कर देता हूं”, और फिर कथित रूप से जबरदस्ती शरीर को छूने लगा।
पीड़िता किसी तरह कमरे से बाहर निकली और तुरंत मेडिकल कॉलेज के डीन केके सहारे से शिकायत की। बाद में उसने अपने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद रविवार सुबह परिजन कोरबा पहुंचे और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
ASP नीतीश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। वहीं, डीन केके सहारे ने कहा कि “ट्रेनी डॉक्टर की शिकायत पर आंतरिक निवारण समिति जांच करेगी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
👉 मामले ने जिला मेडिकल कॉलेज प्रबंधन में हड़कंप मचा दिया है। फिलहाल आरोपी डॉक्टर से पूछताछ की तैयारी चल रही है।




