
जगदलपुर, 29 मई 2026
शहर में तेजी से बढ़ रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जगदलपुर के चर्चित कदली वन इलाके में कृषि भूमि पर बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों को नगर पालिका की टीम ने रुकवा दिया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी चलाकर रास्तों को खोद दिया गया, ताकि दोबारा निर्माण सामग्री अंदर न पहुंच सके।
बिना अनुमति काटी जा रही थी कृषि भूमि
जानकारी के मुताबिक, कृषि जमीन को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बेचा जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि न तो टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से अनुमति ली गई थी और न ही जमीन का डायवर्सन कराया गया था।
प्रशासन को शिकायत मिलने के बाद नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगा दी।
राजस्व अमले की भूमिका पर उठे सवाल
मामले में स्थानीय राजस्व अमले की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। किसानों ने पहले ही कलेक्टर से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि नक्शे में कथित हेरफेर कर कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
किसानों का कहना है कि रिकॉर्ड में कांट-छांट कर जमीन कब्जाने की साजिश रची गई।
दोबारा निर्माण किया तो होगी कड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अगर दोबारा अवैध निर्माण शुरू किया गया तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर में लगातार बढ़ रही अवैध प्लॉटिंग को लेकर आम लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि अगर खेती की जमीन इसी तरह खत्म होती रही तो भविष्य में बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
फिलहाल प्रशासन की यह कार्रवाई भू-माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी चेतावनी मानी जा रही है।




