छत्तीसगढ़

BREAKING : कोरोना ने फिर बढ़ाई चिंता, रायपुर-राजनांदगांव में मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क

रायपुर, 02 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश के रायपुर और राजनांदगांव जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है। स्वाइन फ्लू के मामलों के बीच कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और दोनों जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

जानकारी के मुताबिक रायपुर में मिले संक्रमित मरीज का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है, जबकि राजनांदगांव में मिले मरीज का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग दोनों मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कोरोना प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू

संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान और ट्रेसिंग का काम शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों के परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति में बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी या कोरोना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो उन्हें नजरअंदाज न करें और तत्काल जांच कराएं।

भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को फिलहाल भीड़भाड़ वाली जगहों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

विभाग के अधिकारियों के मुताबिक दोनों जिलों में सामने आए मामलों को लेकर निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को गंभीरता से लेने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar