“नेशनल हेराल्ड घोटाले पर गरजी भाजपा: जगदलपुर में कांग्रेस भवन का घेराव, सोनिया – राहुल गांधी का जलाया पुतला, पुलिस से हुई धक्का -मुक्की”

डमरू कश्यप
जगदलपुर।नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस भवन का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के आह्वान पर भाजपा जिला कार्यालय से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बैनर-पोस्टर और झंडों के साथ दोपहर 3 बजे कांग्रेस भवन की ओर रवाना हुए। जुलूस का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय और भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने किया।

गुरु गोविंद सिंह चौक से गीदम रोड होते हुए जैसे ही कार्यकर्ता कांग्रेस भवन की ओर बढ़े, पुलिस ने महेन्द्र कर्मा बंगले के पास बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर कांग्रेस भवन के ठीक सामने पहुंचकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ता करीब एक घंटे तक वहां डटे रहे।

भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया और राहुल गांधी द्वारा करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है, जिसे लेकर भाजपा लगातार विरोध कर रही है। वहीं भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोई भी भ्रष्टाचारी बख्शा नहीं जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन में महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन सहित भाजपा और भाजयुमो के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।