IPL में सबसे बड़ी डील: ₹15,660 करोड़ में मित्तल फैमिली ने खरीदी राजस्थान रॉयल्स, अदार पूनावाला भी बने पार्टनर

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच एक बड़ी कारोबारी खबर सामने आई है। स्टील उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल और उनके बेटे आदित्य मित्तल के नेतृत्व में मित्तल फैमिली ने राजस्थान रॉयल्स को खरीदने का समझौता कर लिया है। इस मेगा डील की कीमत करीब 1.65 बिलियन डॉलर यानी लगभग ₹15,660 करोड़ बताई जा रही है। इस सौदे में वैक्सीन उद्योगपति अदार पूनावाला भी हिस्सेदार बने हैं।
तीन फ्रेंचाइजी का एक साथ अधिग्रहण
यह डील सिर्फ राजस्थान रॉयल्स तक सीमित नहीं है। इसमें साउथ अफ्रीका की पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन प्रीमियर लीग की बारबाडोस रॉयल्स भी शामिल हैं। यानी मित्तल फैमिली एक साथ तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीमों की मालिक बन जाएगी।
हिस्सेदारी का बंटवारा
डील के बाद मित्तल फैमिली के पास करीब 75% हिस्सेदारी होगी, जबकि अदार पूनावाला के पास लगभग 18% हिस्सेदारी रहेगी। शेष 7% हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों के पास रहेगी, जिसमें मनोज बडाले भी शामिल हैं। बडाले टीम के संचालन में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।
बोर्ड में बड़े नाम शामिल
डील पूरी होने के बाद लक्ष्मी मित्तल, आदित्य मित्तल, वनिशा मित्तल भाटिया, अदार पूनावाला और मनोज बडाले टीम के बोर्ड में शामिल होंगे।
मंजूरी मिलना अभी बाकी
यह सौदा अभी अंतिम नहीं है। इसे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड, कम्पटीशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) और IPL गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी मिलना बाकी है। उम्मीद है कि 2026 की तीसरी तिमाही तक सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी।
IPL बन चुका है बड़ा बिजनेस
यह डील साफ दिखाती है कि इंडियन प्रीमियर लीग अब सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि एक हाई-वैल्यू ग्लोबल बिजनेस प्लेटफॉर्म बन चुका है। बड़े उद्योगपतियों की बढ़ती भागीदारी भारतीय क्रिकेट की आर्थिक ताकत को और मजबूत कर रही है।






