देश-विदेश

IAF में जासूसी का बड़ा खुलासा: MTS कर्मचारी गिरफ्तार, पाकिस्तान को लीक कर रहा था संवेदनशील जानकारी

नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना और राजस्थान इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई में जासूसी का एक बड़ा मामला सामने आया है। असम स्थित एयरफोर्स स्टेशन में तैनात एक कर्मचारी को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 36 वर्षीय सुमित कुमार के रूप में हुई है, जो वायुसेना में मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद पर कार्यरत था। वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले का निवासी बताया जा रहा है।


संवेदनशील जानकारी लीक करने का आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों को लड़ाकू विमानों की तैनाती, मिसाइल सिस्टम और एयरफोर्स ऑपरेशन्स से जुड़ी बेहद गोपनीय जानकारी साझा करने का आरोप है।

बताया गया है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग कर महत्वपूर्ण सूचनाएं जुटाईं और उन्हें आगे पहुंचाया। इसमें एयरफोर्स स्टेशनों और वहां तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों से जुड़ी जानकारियां भी शामिल हैं।


जांच में खुला पूरा नेटवर्क

यह मामला तब सामने आया जब इससे पहले जैसलमेर निवासी झबरा राम को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान सुमित कुमार का नाम इस नेटवर्क की अहम कड़ी के रूप में सामने आया।

राजस्थान इंटेलिजेंस को मिली जानकारी के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की गई।


सोशल मीडिया के जरिए संपर्क

जांचकर्ताओं ने पाया कि आरोपी ने अपने मोबाइल नंबर का उपयोग कर पाकिस्तानी हैंडलर्स के लिए सोशल मीडिया अकाउंट बनाने में मदद की। इसके जरिए गुप्त संचार किया जा रहा था।


जयपुर में पूछताछ जारी

पुख्ता इनपुट के बाद राजस्थान इंटेलिजेंस और वायुसेना खुफिया विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को असम के चाबुआ एयरबेस से हिरासत में लिया। फिलहाल उसे जयपुर लाकर केंद्रीय पूछताछ केंद्र में पूछताछ की जा रही है।


गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

आरोपी के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (Official Secrets Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे जासूसी नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी हैं।


Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar