बड़ी खबर : बस्तर में बालक आश्रम के प्रभारी अधीक्षक निलंबित, छात्रों से मारपीट और अश्लील हरकतों का आरोप

जगदलपुर। बस्तर जिले के गोंदियापाल स्थित बालक आश्रम के प्रभारी अधीक्षक सुकरू राम बघेल को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 18 सितंबर को कलेक्टर बस्तर ने आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान छात्रों ने शिकायत की कि अधीक्षक सुकरू राम बघेल उनके साथ मारपीट करते हैं, गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इतना ही नहीं, छात्रों ने यह भी बताया कि अधीक्षक उन्हें अश्लील वीडियो दिखाकर उसकी नकल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
कलेक्टर को मिली इस जानकारी के आधार पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने मामला संज्ञान में लिया और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। आदेश में कहा गया है कि अधीक्षक का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन है और कदाचार की श्रेणी में आता है।
सुकरू राम बघेल (मूल पद – सहायक शिक्षक एलबी) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, बस्तर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
👉 यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।




