छत्तीसगढ़

नारायणपुर को बड़ी सौगात: 11.31 करोड़ से गढ़बेंगाल चौक से मानसरोवर तक सड़क होगी सुदृढ़, विकास को मिलेगी नई गति

नारायणपुर: जिले के समग्र विकास को गति देने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया गया है। एनएच-130D अंतर्गत गढ़बेंगाल चौक से मानसरोवर बखरूपारा तक लगभग 2 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण अब 11.31 करोड़ रुपये की स्वीकृति के साथ संभव होगा। यह सौगात क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के लगातार प्रयासों और सक्रिय पहल का परिणाम है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से नारायणपुर और पूरे बस्तर क्षेत्र में विकास कार्य अभूतपूर्व गति से चल रहे हैं। इस सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य के पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित होगी, साथ ही आम नागरिकों, व्यापारियों और दैनिक आवागमन करने वालों को राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि यह मार्ग लंबे समय से मरम्मत और उन्नयन की प्रतीक्षा में था। सड़क के बेहतर होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे

केदार कश्यप ने यह भी कहा कि नारायणपुर में सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं जिले को नई पहचान देंगी। वनमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस प्रकार के विकास कार्यों से नारायणपुर तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा और क्षेत्र के नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर होगा।


Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar