बाढ़ प्रभावितों से मिले बस्तर सांसद महेश कश्यप, दिलाया हर संभव मदद का भरोसा


बाढ़ प्रभावितों से मिले बस्तर सांसद महेश कश्यप, दिलाया हर संभव मदद का भरोसा

जगदलपुर। बस्तर संभाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कई गाँव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। इस बीच बस्तर सांसद महेश कश्यप आज राहत शिविर पहुँचे और बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का हालचाल जाना।
सांसद महेश कश्यप ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित को भोजन, पानी और दवाइयों जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी।
इसके पहले सांसद ने कल भी बस्तर के कई बाढ़ प्रभावित गाँवों का दौरा किया था। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए प्रशासन को राहत एवं सुरक्षा कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
भारी बारिश से मांदर गाँव पूरी तरह से टापू में तब्दील हो गया था, जहाँ एसडीआरएफ की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविर तक पहुँचाया। शिविर में ठहरे ग्रामीणों से बातचीत के दौरान सांसद ने भरोसा दिलाया कि राहत और पुनर्वास के सभी इंतजाम पूरी तत्परता से किए जा रहे हैं।




