बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बकावंड क्षेत्र को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

,कोसमी, तोंगकोंगेरा व बोरीगाँव में छात्रावास और स्कूल भवन का भूमिपूजन, राजनगर-पाऊरबेल में बाली उत्सव में हुए शामिल,
जगदलपुर, 14 मार्च 2026, बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप शनिवार को विकासखंड बकावंड के एक दिवसीय सघन प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के ग्राम कोसमी, राजनगर, बोरीगाँव और पाऊरबेल में करोड़ों रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। सांसद के आगमन पर ग्रामीणों और पारंपरिक लोक कलाकारों ने गाजे-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुष्पहार एवं पारंपरिक तिलक लगाकर अपने जनप्रतिनिधि का आत्मीय अभिनंदन किया।
दौरे के दौरान सांसद महेश कश्यप ने क्षेत्र के शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम कोसमी और तोंगकोंगेरा में 100-100 सीटर प्री-मैट्रिक छात्रावास भवनों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन छात्रावासों के निर्माण से दूर-दराज और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधा एवं शिक्षा का अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा।
इसी क्रम में उन्होंने ग्राम बोरीगाँव में हाई स्कूल भवन निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। इस निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सांसद कश्यप ने क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं के संरक्षण को भी प्राथमिकता देते हुए राजनगर में बाली उत्सव के लिए विशेष मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके बाद उन्होंने राजनगर और पाऊरबेल में आयोजित बाली उत्सव में शामिल होकर स्थानीय देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की तथा बस्तर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि विकास केवल सड़कों और भवनों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी देव संस्कृति और पारंपरिक धरोहरों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे, जितेंद्र पानीग्राही, मंडल अध्यक्ष पीतांबर कश्यप, धनुर्जय कश्यप, जनपद सदस्य अनिल बीसाई, जनपद सदस्य निरबती बघेल, सरपंच नीलम कश्यप, रणवीर सिंह बैस, मनोज बिसाई, निरंजन चंद्राकर, जगन्नाथ ठाकुर, तर्मेंद्र बिसाई, प्रतीक बैस, दूरजो पुजारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




