छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर आम महोत्सव 2026: जगदलपुर में सजेगा आमों का महाकुंभ, 13-14 जून को होंगे कई आकर्षक आयोजन

जगदलपुर, 12 जून 2026

बस्तर आम महोत्सव 2026 के तहत 13 और 14 जून को जगदलपुर में आम प्रेमियों, किसानों और उद्यमियों का भव्य संगम देखने को मिलेगा। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग तथा संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह दो दिवसीय महोत्सव क्रांतिकारी डेबरीधुर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर में आयोजित किया जाएगा।

महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन 13 जून को सुबह 11 बजे होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप होंगे। कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय और कृषि स्थायी समिति अध्यक्ष कामदेव बघेल सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि आर. सक्सेना करेंगे।

महोत्सव के पहले दिन आम की विभिन्न किस्मों, आम से बने उत्पादों, रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। शाम को बच्चों और स्थानीय कलाकारों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।

दूसरे दिन 14 जून को उत्कृष्ट प्रदर्शनों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद वैज्ञानिकों और किसानों के बीच विशेष परिचर्चा आयोजित होगी, जिसमें आम की उन्नत खेती, रोग प्रबंधन, वानस्पतिक प्रवर्धन तकनीक और उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही कृषकों और उद्यमियों के लिए आम आधारित प्रसंस्करण उद्योग एवं विपणन संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श होगा।

शाम को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ दो दिवसीय बस्तर आम महोत्सव 2026 का भव्य समापन किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन बस्तर के आम उत्पादकों को नई पहचान देने के साथ-साथ कृषि आधारित उद्यमिता को भी बढ़ावा देगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar