छत्तीसगढ़

बरसते पानी में भी तिरंगे के रंग में रंगा बालोद, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया ध्वजवंदन, परेड की सलामी और बलिदानी परिवारों का सम्मान

बालोद, 15 अगस्त 2025। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बालोद में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। बरसात के बावजूद बड़ी संख्या में नागरिक स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में एकत्र हुए। मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश वाचन किया। उन्होंने शांति के प्रतीक श्वेत कपोत और रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े।

कार्यक्रम में विधायक संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत जैन, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

परेड प्रतियोगिता परिणाम
सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल प्रथम, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 14वीं वाहिनी धनोरा द्वितीय और नगर सेना तृतीय स्थान पर रही।
जूनियर वर्ग में एनसीसी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल बालोद प्रथम, रोवर्स स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल द्वितीय और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल रेडक्रॉस बालोद तृतीय स्थान पर रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बाजी
सांस्कृतिक प्रस्तुति में महावीर अंग्रेजी माध्यम स्कूल बालोद ने प्रथम, गुरुकुल विद्यापीठ बालोद ने द्वितीय और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल बालोद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

स्कूली बच्चों, पुलिस बल और सशस्त्र बल के जवानों ने आकर्षक मार्चपास्ट और हर्ष फायर कर देशभक्ति का माहौल बना दिया। बारिश के बावजूद पूरे समय दर्शक उत्साह के साथ समारोह में डटे रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar