बकावंड की छात्रा गीतेश्वरी ने राज्य स्तरीय विज्ञान मेला में चमकाया नाम, गणित पार्क मॉडल ने बटोरी सराहना**

बकावंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की कक्षा आठवीं की प्रतिभाशाली छात्रा गीतेश्वरी देवांगन ने अपनी मेहनत और मौलिक सोच से जिले का नाम रोशन किया है।
गीतेश्वरी ने बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला में अपने अनोखे ‘गणित पार्क मॉडल’ को राज्यस्तरीय मंच जशपुर में प्रस्तुत किया, जहाँ खेल-खेल में गणित सीखने की उनकी अवधारणा को विशेषज्ञों, विद्यार्थियों और दर्शकों ने खूब सराहा।
इस मॉडल को तैयार करने की प्रेरणा उन्हें विद्यालय की शिक्षिका रमा कश्यप से मिली। खास बात यह भी है कि गीतेश्वरी ने यह पूरा मॉडल वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर तैयार किया, जो उनकी रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को दर्शाता है।
विद्यालय परिवार ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है।
गीतेश्वरी और शिक्षिका रमा कश्यप ने बताया कि वे पहले ब्लॉक स्तर, फिर जिला, उसके बाद संभाग स्तर की प्रतियोगिता जीतकर राज्य स्तरीय विज्ञान मेला तक पहुँचीं। इतने बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाकर गीतेश्वरी ने न सिर्फ अपने विद्यालय, बल्कि पूरे ब्लॉक और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।




