छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में शासकीय अधिकारी पर हमला: CM विष्णु देव साय ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन

रायपुर, 10 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन और छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिला और नवा रायपुर के संवाद कार्यालय में विभागीय अपर संचालक संजीव तिवारी के साथ हुई अभद्रता, झूमा-झटकी, गाली-गलौज और कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यह केवल एक अधिकारी पर हमला नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन की गरिमा और अनुशासन पर सीधा प्रहार है। फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि पत्रकारिता की आड़ में भय और ब्लैकमेलिंग की घटनाएँ बढ़ रही हैं। उन्होंने राज्य में शासकीय सेवकों की सुरक्षा के लिए सशक्त कानून और सभी कार्यालयों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रवक्ता और जनसंपर्क अधिकारी संघ के अध्यक्ष बालमुकुंद तंबोली ने कहा कि कार्यालय में घुसकर हिंसक व्यवहार और धमकाना लोकतंत्र की मूल भावना और शासन की गरिमा के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व अधिकारी-कर्मचारियों का मनोबल गिराते हैं और प्रशासनिक कार्यकुशलता पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि अभद्रता करने वाले तत्वों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की गई है, लेकिन वे पत्रकारिता की आड़ लेकर अधिकारियों को धमका रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और राज्य सरकार इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री से भेंट में जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक जे. एल. दरियो, उमेश मिश्रा, संयुक्त संचालक पवन गुप्ता, उपसंचालक घनश्याम केशरवानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar