छत्तीसगढ़जगदलपुर/बकावंड/बस्तर

उपनेता प्रतिपक्ष बनते ही बस्तर में शक्ति प्रदर्शन, लखेश्वर बघेल के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष नियुक्त किए जाने के बाद बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल के प्रथम बस्तर आगमन पर पूरे बस्तर संभाग में ऐतिहासिक स्वागत देखने को मिला। जगह-जगह कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने फूल-मालाओं, गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया। “बस्तर टाइगर” के नाम से प्रसिद्ध बघेल के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह रहा।

राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित संभाग के मुख्य प्रवेश द्वार पर सावित्री मंडावी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद कांकेर रेस्ट हाउस में भी जनप्रतिनिधियों ने पुष्पमालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।

कोंडागांव पहुंचने पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया। वहीं नारायणपुर में पूर्व विधायक चंदन कश्यप के नेतृत्व में विशाल जनसमर्थन के साथ कार्यक्रम आयोजित हुआ। बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर बघेल ने यूथ कांग्रेस के साथियों का आभार व्यक्त किया।

बस्तर विधानसभा क्षेत्र के प्रवेश द्वार बालेंगा में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सरपंचों ने हर्षोल्लास से स्वागत किया। बस्तर मुख्य चौक पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में महिला कांग्रेस, जिला कांग्रेस कमेटी और यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया।

आगे कुदालगांव के समीप ग्रामीणों, महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर उनका अभिनंदन किया। जगदलपुर पहुंचने पर कार्यालय और निवास स्थल में करपावंड व बकावंड क्षेत्र के अध्यक्षों, सरपंचों और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और आतिशबाजी के बीच स्वागत किया। देर रात तक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वागत कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहा। जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन के नेतृत्व में भी कांग्रेसजनों ने भव्य स्वागत किया। निवास पहुंचने पर उनकी धर्मपत्नी और परिवारजनों ने पारंपरिक रीति से स्वागत किया।

इस अवसर पर लखेश्वर बघेल ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह वर्ष उनके सार्वजनिक जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के स्नेह और जनता के आशीर्वाद से उन्हें भारतीय राष्ट्रीय आदिवासी कांग्रेस का सलाहकार सदस्य बनने का अवसर मिला, साथ ही उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया गया और अब उपनेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां व्यक्तिगत नहीं, बल्कि बस्तर की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के निरंतर सहयोग का परिणाम हैं। बघेल ने विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की आवाज विधानसभा में मजबूती से उठाते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar