वर्षों पुरानी मांग को मिली मंजूरी: नारायणपुर से अंतागढ़ सड़क निर्माण के लिए 134 करोड़ का टेंडर जारी, जनता ने जताया मुख्यमंत्री और मंत्री केदार कश्यप को आभार


वर्षों पुरानी मांग को मिली मंजूरी: नारायणपुर से अंतागढ़ सड़क निर्माण के लिए 134 करोड़ का टेंडर जारी, जनता ने जताया मुख्यमंत्री और मंत्री केदार कश्यप को आभार
नारायणपुर, 24 जून 2025। नारायणपुर से अंतागढ़ के बीच खराब सड़क की वर्षों पुरानी समस्या अब खत्म होने वाली है। छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग ने SH-05 के किमी 126 से 171 तक के हिस्से की चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 134.37 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी कर दिया है। इस सड़क की कुल लंबाई 46 किलोमीटर होगी, जिसमें पुल-पुलियों सहित सभी निर्माण कार्य शामिल होंगे। कार्य की समय-सीमा 18 माह निर्धारित की गई है।
बरसों से थी मांग, अब मिलेगा राहत
बरसात के मौसम में यह मार्ग कीचड़, गड्ढे और जलभराव से बेहाल हो जाता था, जिससे आवाजाही कठिन हो जाती थी। अब इस टेंडर के जारी होने के साथ ही लोगों को एक मजबूत, चौड़ी और टिकाऊ सड़क मिलने की उम्मीद है। इससे व्यापारी, स्कूली छात्र, स्वास्थ्य सेवाओं और आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
सीएम विष्णुदेव साय और मंत्री केदार कश्यप के प्रयास लाए रंग
नारायणपुर विधायक और वन मंत्री केदार कश्यप तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से इस बहुप्रतीक्षित योजना को मंजूरी मिली। नारायणपुरवासियों ने दोनों नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास का नया अध्याय बताया।
व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को मिलेगा बल
इस सड़क से नारायणपुर-अंतागढ़ के बीच सीधा और सुरक्षित संपर्क स्थापित होगा। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों से मुख्य बाजार और शासकीय सेवाओं तक पहुंचना भी आसान होगा। सड़क के निर्माण से पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं में भी गति आएगी।
जनता में खुशी की लहर
स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह जनआकांक्षा की पूर्ति और विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उम्मीद जताई जा रही है कि निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।
—




