छत्तीसगढ़

बीजापुर के अंकित ने UPSC में पाई सफलता, डिप्टी CM विजय शर्मा ने वीडियो कॉल कर दी बधाई

रायपुर। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के छोटे से गांव गुदमा के युवा अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक हासिल कर बस्तर संभाग और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वीडियो कॉल के जरिए अंकित और उनके पिता चंद्रैया सकनी से बातचीत कर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

बातचीत के दौरान विजय शर्मा ने अंकित की मेहनत, लगन और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि बीजापुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी अंचल के छोटे गांव से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षा में सफलता पाना बेहद प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि सिर्फ अंकित के परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे बस्तर और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अंकित की सफलता से यह साबित होता है कि जब बस्तर में शांति और विकास का माहौल बनेगा तो यहां के युवा अपनी प्रतिभा के दम पर देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर भी पहचान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।

अंकित सकनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना देश की सेवा करना है। वहीं उनके पिता चंद्रैया सकनी ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे परिवार और गांव का नाम रोशन हुआ है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अंकित को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए इसे बस्तर के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar